Listen

Description

इंडियन प्रीमियर लीग टी 20 की सबसे बड़ी लीग है. यहां एक से बढ़कर एक मुकाबले देखने को मिलते हैं. मैच में मनचाहा रिजल्ट पाने के लिए टीमें लगातार बदलाव करती रहती हैं. कई बार बॉलिंग में स्पिनर्स से शुरुआत कराई जाती है तो कई बार बैटिंग आर्डर में चेंजेज किए जाते हैं. एग्जांपल के तौर पर केकेआर का ही उदाहरण ले लीजिए. इस टीम के लिए सुनील नरेन लगातार ओपनिंग करते आ रहे हैं. वहीं कई अन्य टीमें भी अपने बल्लेबाजों को डिफरेंट पोजीशंस पर ट्राई करती हैं. आज रेकॉर्ड बुक के एपिसोड में बात करेंगे ऐसे ही कुछ बल्लेबाजों की, जिन्होंने आईपीएल में ओपनिंग की है, साथ ही साथ आठवें नंबर पर भी बैटिंग की है.

Rahul Tripathi एक ओपनिंग बैट्समैन हैं. IPL 2020 में Delhi Capitals के खिलाफ शारजाह में खेले गए मुकाबले में राहुल को जब टीम में शामिल किया गया तो लगा कि उनसे ओपनिंग कराई जाएगी. लेकिन मैच के दौरान हुआ इसके बिल्कुल उल्टा. राहुल को नंबर आठ पर बैटिंग के लिए भेजा गया. वैसे राहुल त्रिपाठी आईपीएल में 19 बार ओपनिंग कर चुके हैं. 2017 के आईपीएल सीजन में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए खेलते हुए राहुल त्रिपाठी ने 14 पारियों में 391 रन बनाए थे. त्रिपाठी ने उस सीजन अपनी शानदार बैटिंग से सबको इंप्रेस किया था. अब इस सीजन में आठवें नंबर पर बैटिंग करके राहुल इस स्पेशल लिस्ट में शामिल हो गए.

Sunil Narine का जिक्र हम उपर कर ही चुके हैं. संयोग से वह भी केकेआर के लिए ही खेलते हैं. शुरुआत में सुनील नरेन बतौर स्पिन बॉलर पहले सिर्फ एक स्पिन गेंदबाज के रूप में टीम में खेलते थे और लोअर ऑर्डर में बैटिंग करते थे. उन्होंने चार बार नंबर आठ पर बैटिंग की है. Gautam Gambhir जब केकेआर के कप्तान थे तो उन्होंने सुनील नारेन को प्रयोग के तौर पर ओपनिंग के लिए भेजा और उनका ये प्रयोग काफी सफल रहा. सुनील नरेन केकेआर के लिए ओपनर के तौर पर काफी सफल रहे और पावरप्ले में टीम को तेज शुरुआत देते हैं. उन्होंने 37 पारियों में ओपनिंग करते हुए 176.59 की शानदार स्ट्राइक रेट से 724 रन बनाए हैं.

इस लिस्ट में पूर्व दिग्गज भारतीय ऑलराउंडर Irfan Pathan का भी नाम शामिल है. आजकल कमेंट्री बॉक्स में अपना जादू बिखेर रहे इरफान अपने आईपीएल करियर में छह टीमों के लिए खेल चुके हैं. इरफान पठान काफी यूजफुल ऑलराउंडर थे और बैटिंग में काफी अच्छी हिटिंग भी कर लेते थे. इसी वजह से टीमें अलग-अलग पोजिशन पर उनका उपयोग करती थीं. उन्होंने आईपीएल के एक सीजन में Kings XI Punjab की तरफ से ओपनिंग करते हुए 32 गेंद पर 39 रनों की पारी खेली थी. पठान ने आईपीएल में तीन बार ओपनिंग की. वहीं पांच बार नंबर आठ पर बैटिंग करते हुए इरफान पठान ने तीस रन बनाए थे.
Manish Pandey का नाम एक भरोसेमंद और दिग्गज बल्लेबाज के तौर पर लिया जाता है. वह ​फील्डिंग में भी काफी दमदार प्रदर्शन करते हैं.फिलहाल सनराइजर्स हैदराबाद के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर रहे मनीष पांडेय का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है. मनीष पांडेय ने इंडियन प्रीमियर लीग में कुल 27 पारियों में ओपनिंग की है. इसके अलावा उन्होंने दो बार नंबर आठ पर भी बैटिंग की है. ओपनिंग करते हुए मनीष के खाते में कुल 739 रन दर्ज हैं.

सलामी बल्लेबाज Ajinkya Rahane आईपीएल की 110 पारियों में ओपनिंग कर चुके हैं. लेकिन आपको ये जानकार हैरानी होगी कि उन्होंने एक बार 8वें नंबर पर भी बैटिंग की थी. ओपनिंग करते हुए उन्होंने 3436 रन बनाए हैं. 2009 के आईपीएल सीजन में रहाणे मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा थे और दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मैच में टीम ने उन्हें 8वें नंबर पर बैटिंग के लिए भेजा था. उन्होंने अपनी उस पारी में 12 गेंद पर 12 रन बनाए थे. वैसे फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा रहाणे को आईपीएल में अपना जलवा दिखाने का मौका नहीं मिला है.