Listen

Description

इंडियन प्रीमियर लीग में बड़े—बड़े स्कोर वाले मैचेज देखने को मिलते हैं. कई बार टीमें बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद सोचती हैं उन्होंने मुकाबले पर पकड़ बना ली है. लेकिन कई बार ऐसा हुआ है कि बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद टीमें जीत नहीं पातीं. जीतना तो दूर की बात वह पीछा करने वाली टीम का एक भी विकेट तक नहीं गिरा पातीं. इंडियन प्रीमियर लीग की हिस्ट्री में अभी ऐसा एक या दो नहीं, बल्कि चार बार हो चुका है. आज के रेकॉर्ड में बुक में सुनते हैं कि कैसे बड़ा स्कोर होने के बावजूद टीमों ने दस विकेट से जीत दर्ज कर ली..

इंडियन प्रीमियर लीग के पहले ही सीजन में यह जबर्दस्त मुकाबला देखने को मिला था. आमने—सामने थीं डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस. डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ उन्यासी रनों पर पांच विकेट गंवाने के बाद मुंबई ने किसी तरह सात विकेट पर 154 का स्कोर खड़ा किया था. इस स्कोर का पीछा करने उतरी डेक्कन चार्जर्स के लिए एडम गिलक्रिस्ट ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की. उन्होंने 47 गेंदों में नाबाद 109 रन बना डाले. अपनी इस पारी में गिलक्रिस्ट ने 10 छक्के और नौ चौके लगाए थे. वहीं दूसरे छोर पर गिल​क्रिस्ट का साथ दे रहे थे, वेरी वेरी स्पेशल लक्ष्मण. VVS Laxman ने 26 गेंदों में नॉटआउट 37 रन बनाए थे. डेक्कन ने सिर्फ 12 ओवरों में ही मैच में जीत हासिल कर ली थी.

आईपीएल के पांचवें सीजन में जयपुर में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला गया. पहले खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स ने छह विकेट पर 162 रन बनाए. तब राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले Shane Watson ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए थे. जवाब में मुंबई इंडियंस ने इस लक्ष्य को बिना कोई विकेट गंवाए 18 ओवर में हासिल कर लिया था. मुंबई के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे थे सचिन तेंदुलकर और ड्वेन स्मिथ. इन दोनों ने ने मुंबई इंडियंस के लिए नॉटआउट पार्टनरशिप की थी. Sachin ने 51 गेंदों पर नाबाद 58 और ड्वेन स्मिथ ने 58 गेंद पर 87 रनों की पारी खेली. इन पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया था.

अब बात 2017 के इंडियन प्रीमियर लीग की. यह मुकाबला खेला गया था केकेआर और गुजरात लायंस के बीच. इसमें केकेआर ने गुजरात लायंस को 10 विकेट से मात दी थी. सुरेश रैना की कप्तानी वाली गुजरात लायंस ने पहले खेलते हुए 183 रन बनाए. उस मैच में सुरेश रैना ने नाबाद 68 रनों की पारी खेली थी. टी—20 के लिहाज से 184 का स्कोर काफी बड़ा माना जाता है. लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स ने बिना कोई विकेट गंवाए इस लक्ष्य को हासिल कर लिया. केकेआर की तरफ से उनके सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 184 रनों की नॉटआउट पार्टनरशिप की. इसकी बदौलत केकेआर ने 14.5 ओवर में ही अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया. क्रिस लिन ने 41 गेंद पर नाबाद 93 और गौतम गंभीर ने 48 गेंद पर नाबाद 76 रनों की पारी खेली थी.

आईपीएल के 13वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को एकतरफा मुकाबले में हरा दिया. सीएसके की टीम लगातार तीन मैच हारकर आ रही थी. लेकिन पंजाब को उन्होंने 10 विकेट से करारी शिकस्त दी. किंग्स इलेवन पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में चार विकेट पर 178 का स्कोर बनाया. इसके जवाब में चेन्नई सुपरकिंग्स ने 18वें ओवर में ही बिना विकेट खोये बेहतरीन जीत हासिल कर ली. फाफ डु प्लेसी ने 53 गेंदों में 87 और शेन वॉटसन ने 53 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली. खास बात यह है कि यह पार्टनरशिप चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से किसी भी विकेट की सबसे बड़ी पार्टनरशिप है. Music by audionautix.com