इंडियन प्रीमियर लीग में बहुत सारे अप्स एंड डाउंस चलते रहते हैं. कई टीमों का सफर बीच मझधार में अटका हुआ है. वहीं कुछ टीमें अपना सही कॉम्बिनेशन नहीं तलाश कर सकी हैं. सही बैलेंस बनाने के चक्कर में दिनेश कार्तिक ने केकेआर की कप्तानी ही छोड़ दी. अब इयान मोर्गन बचे हुए टूर्नामेंट में टीम की नैया पार लगाएंगे. वैसे यह पहली बार नहीं हुआ है जब बीच सीजन में कप्तान बदल दिया गया है. आइए आज आपको बताते हैं, कब—कब आईपीएल के बीच सीजन में बदला गया टीम का कप्तान...
अगर कहें तो आईपीएल की शुरुआत ही कप्तान बदलने के फैसलों से हुई तो कुछ गलत नहीं होगा. जीहां, असल में 2008 में जब आईपीएल शुरू हुआ तो मुंबई के कप्तान थे हरभजन सिंह. इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने बीच सीजन में शॉन पोलाक को कप्तानी दे दी. इतना ही काफी नहीं था. इसके बाद सचिन तेंदुलकर ने टीम की बागडोर संभाली थी. हालांकि बीच सीजन में कप्तान बदलने का एक फैसला मुंबई इंडियंस के लिए काफी शानदार साबित हुआ है. मुंबई इंडियंस ने आईपीएल इतिहास का सबसे शानदार फैसला तब लिया, जब रिकी पोंटिंग के स्थान पर रोहित शर्मा को बीच सीजन में कप्तानी सौंपी गई. उसके बाद मुंबई ने रोहित की कप्तानी में 4 आईपीएल टाइटल अपने नाम किये हैं.0
साल 2008 में डेक्कन चार्जर्स ने भी कप्तान बदला था. डेक्कन चार्जर्स ने वीवीएस लक्ष्मण को कप्तान चुना था. लेकिन लक्ष्मण न तो बतौर कप्तान सफल हो रहे थे और न ही उनके बल्ले से रन निकल रहे थे. ऐसे में डेक्कन चार्जर्स ने आस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट को कप्तान बना दिया था. इसी तरह साल 2012 में डेक्कन चार्जर्स की टीम ने संगकारा से कप्तानी लेकर कैमरून व्हाइट को सौंप दी थी.
साल 2009 में आरसीबी ने भी ऐसा ही कुछ कारनामा किया था. बीच सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने केविन पीटरसन से कप्तानी छीन कर दिग्गज गेंदबाज अनिल कुंबले को दी थी. हालांकि आरसीबी का यह फैसला रंग लाया था. कुंबले ने अपनी कप्तानी ने आरसीबी को फाइनल तक पहुंचाया था.
पुणे वॉरियर्स टीम ने भी एंजेलो मैथ्यूज को हटाकर फिंच को कप्तान चुना था. इसके बाद आईपीएल के अगले सीजन में शिखर धवन को सनराइजर्स का कप्तान हटाकर डेरेन सैमी को कप्तान बनाया गया था. साल 2015 में रॉयल्स ने वॉटसन की जगह स्मिथ को कप्तान बनाया. उसके बाद 2016 में पंजाब ने बीच सीजन में ही डेविड मिलर के स्थान पर मुरली विजय को कप्तान बनाया. साल 2019 में राजस्थान रॉयल्स ने भी ऐसा ही एक फैसला लिया था. उसने अजिंक्य रहाणे की जगह स्टीव स्मिथ को कप्तानी सौंपी थी.
इसी तरह दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने गौतम गंभीर को कप्तानी दी थी. लेकिन बीच सीजन में न जाने क्या हुआ कि दिल्ली कैपिटल्स ने एक युवा ख़िलाड़ी को जिम्मेदारी देते हुए श्रेयस अय्यर को कप्तान बना दिया. श्रेयस ने जिन्होंने दिल्ली की टीम को एक नई दिशा दिखाई है.
Music by audionautix.com