इंडियन प्रीमियर लीग का भी गजब का खेल है. यहां कोई खिलाड़ी सुपरहिट है तो कोई सुपर फ्लॉप है. आंकड़ों की ऐसी बाजीगरी है कि बड़े से बड़े खिलाड़ी का रेकॉर्ड भी बौना नजर आता है. दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में शतक लगाना हर बल्लेबाज का सपना होता है. आईपीएल में अगर सबसे ज्यादा शतक लगाने की बात करें तो इस लिस्ट में सबसे पहला नाम है क्रिस गेल का. गेल ने आईपीएल की 127 पारियों में 6 शतक बनाए हैं. एक तरफ गेल हैं जिन्होंने सिर्फ 127 पारियों में छह शतक बना डाले. वहीं कई ऐसे बल्लेबाज हैं जो सैकड़ों पारियां खेलने के बाद भी एक अदद शतक तक नहीं बना सके. वहीं कुछ को पहली सेंचुरी बनाने में 100 से ज्यादा पारियां खेलनी पड़ीं. आज के रेकार्ड बुक में बात कुछ ऐसे बल्लेबाजों की जिन्हें अपने पहले शतक के लिए सबसे ज्यादा पारियां खेलनी पड़ीं...
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम गब्बर यानी शिखर धवन का है. धवन ने आईपीएल के इस सीजन में बैक टु बैक सेंचुरीज मारी हैं. ऐसा करके उन्होंने आईपीएल में एक अनोखा इतिहास बना दिया है. लेकिन क्या आप जानते हैं आईपीएल में पहली सेंचुरी बनाने के लिए धवन को कितनी पारियां खेलनी पड़ीं. नहीं जानते कोई बात नहीं, हम आपको बता देते हैं. तो सुनिए इंडियन प्रीमियर लीग में पहली सेंचुरी बनाने के लिए धवन को 167 पारियों तक इंतजार करना पड़ा. धवन ने अपना पहला आईपीएल शतक इसी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लगाया है. वैसे शिखर धवन ने अभी तक कुल 169 मैच खेलकर पांच हजार चव्वालीस रन बनाए हैं. इस दौरान उनके नाम दो शतक और 39 अर्धशतक हैं.
लिस्ट में दूसरा नाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली का है. वैसे तो कोहली को आज के क्रिकेट की रन मशीन कहा जा सकता है. लेकिन बात जब आईपीएल में पहली सेंचुरी की आती है तो यहां कोहली काफी पीछे हैं. विराट को आईपीएल में पहला शतक बनाने के लिए कुल 120 पारियों का इंतजार करना पड़ा था. विराट ने अपना पहला आईपीएल शतक 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ बनाया था. खास बात यह है कि उस सीजन में कोहली ने कुल चार शतक जड़े थे. वैसे इस सीजन में भी एक बार कोहली 90 प्लस का स्कोर कर चुके हैं. ओवरआल आंकड़ों की बात करें तो विराट ने आईपीएल में कुल 187 मैच खेलकर 5777 रन बनाए हैं. इसमें उनके नाम पांच शतक और अड़तीस अर्धशतक हैं.
इस लिस्ट में चेन्नई सुपरकिंग्स के धाकड़ बल्लेबाज अंबाती रायुडू का नाम भी है. रायडू ने अपना पहला आईपीएल शतक 2018 में सनराइज़र्स हैदराबाद के खिलाफ लगाया था. रायडू को अपने पहले आईपीएल शतक के लिए 119 पारियां लग गई थीं. उस पारी में अंबाती रायडू ने 62 गेंदों में 100 रन बनाये थे. इस सीजन में भी रायुडू ने मुंबई के खिलाफ आक्रामक अर्धशतक के साथ धांसू शुरुआत की थी. लेकिन फिटनेस इश्यूज के चलते उन्हें कुछ मैचों में बाहर बैठना पड़ा. इसके बाद वो अपना मैजिक नहीं दिखा सके. वैसे आईपीएल के कुल 155 मैचों में रायुडू ने एक शतक और 19 अर्धशतक के साथ कुल 3550 रन बनाए हैं.
चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से खेलने वाले बाएं हाथ के शानदार बल्लेबाज सुरेश रैना ने इस सीजन में अपना नाम वापस ले लिया था. रैना ने इंडियन प्रीमियर लीग में कुल 193 मैचों में 28 बार नाबाद रहते हुए, एक शतक और 38 अर्धशतकों के साथ पांच हजार तीन सौ अड़सठ रन बनाए हैं. आईपीएल में पहली सेंचुरी जमाने के लिए रैना को 88 पारियों का इंतजार करना पड़ा था. रैना ने आईपीएल में यह शतक किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ लगाया था. उस पारी में उन्होंने तिरपन गेंदों में नॉटआउट 100 रन बनाए थे. Music by audionautix.com