Listen

Description

इंडियन प्रीमियर लीग में बल्‍लेबाजों ने धमाल मचाया हुआ है. एक से बढ़कर एक शॉट्स देखने को मिल रहे हैं. कोई शतक लगा रहा है तो कोई कम से कम गेंद में अर्धशतक लगा रहा है. एबी डिविलियर्स जैसे प्‍लेयर्स हैं, जो रिटायर होने के बावजूद धमाल मचाए पड़े हैं. कम से कम गेंद खेलकर अधिक से अधिक रन बनाने की होड़ लगी हुई है. वैसे टी 20 का गेम है ही ऐसा कि जहां फास्‍ट गेम को हमेशा प्रियॉरिटी दी जाती है. किंग्‍स इलेवन पंजाब के निकोलस पूरन ने तो सिर्फ 17 गेंदों में हाफ सेंचुरी लगा दी है. लेकिन आईपीएल में कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिन्‍होंने अर्धशतक जमाने के लिए काफी गेंदें खेली हैं. आइए आज बात करते हैं ऐसे ही कुछ खिलाडियों की.

पूर्व दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज जेपी डुमिनी टी 20 के धाकड़ बल्‍लेबाज माने जाते रहे हैं. हालांकि दिलचस्‍प बात यह है कि
इंडियन प्रीमियर लीग का सबसे धीमा अर्धशतक लगाने का रेकॉर्ड जेपी डुमिनी के नाम है. डुमिनी के नाम ये रेकॉर्ड 2009 में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ खेलते हुए दर्ज हुआ था. मुंबई इंडियंस की तरफ से बल्‍लेबाजी करते हुए डुमिनी ने अपना अर्धशतक बाने के लिए 55 गेंदें खेली थीं. यह आईपीएल में लगाया गया सबसे धीमा अर्धशतक है. डुमिनी ने उस मैच में कुल 59 रन बनाये और 63 गेंदों का सामना किया था. शायद उनकी स्‍लो बैटिंग का ही नतीजा था कि 120 रन के छोटे टारगेट को चेज करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम ये मैच तीन रन से हार गयी थी.

कभी चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स की टीम का हिस्‍सा रहे पार्थिव पटेल के नाम आईपीएल का दूसरा सबसे स्‍लो अर्धशतक है. आईपीएल 2010 के 16वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए पार्थिव पटेल ने यह हाफसेंचुरी लगाई थी. पार्थिव ने अपना अर्धशतक पूरा करने के लिए 53 गेंदें खेली थीं. बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्‍लेबाज ने इस मैच में कुल 57 रन बनाए थे और चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से टॉप स्कोरर रहे. हालांकि ये मैच टाई हो गया था. बाद में सुपरओवर खेला गया था सुपरओवर में पंजाब ने इस मैच को अपनी मुटठी में कर लिया था.

इस लिस्‍ट में जो अगले दो नाम हैं वो खासे चौंकाने वाले हैं. ब्रैंडन मैकुलम और रॉबिन उथप्‍पा का स्‍ट्राइक रेट खासा तेज है. मैकुलम ने जो आईपीएल में जबर्दस्‍त शतक भी लगाया है. लेकिन इन दोनों के नाम आईपीएल में धीमा अर्धशतक लगाने वाले बल्‍लेबाजों की लिस्‍ट में संयुक्‍त रूप से तीसरे नंबर पर है. ब्रेंडन मैकुलम और रॉबिन उथप्पा दोनों ने ही 52 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था. मैकुलम ने कोच्चि टस्कर्स की तरफ से खेलते हुए साल 2012 में यह पारी मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेली थी. वहीं रॉबिन उथप्पा ने अपनी धीमी अर्धशतकीय पारी पुणे वारियर्स इंडिया की तरफ से खेलते साल 2012 में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ खेली थी.

इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलते हुए सनराइज़र्स हैदराबाद के विजय शंकर ने 51 गेंदों में अर्धशतक बनाया. ये अर्धशतक बनाते ही शंकर आईपीएल में गेंदों के लिहाज से सबसे धीमे अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए. हालांकि शंकर की पारी ने हैदराबाद को मैच जितने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की. वैसे जिन अन्‍य बल्‍लेबाजों ने आईपीएल में अर्धशतक बनाने के लिए 51 गेंदें खेली हैं, उनके नाम मैथ्यू हेडन, जैक कैलिस और गौतम गंभीर हैं. कैलिस और हेडेन ने 2009 और गौतम गंभीर ने 2010 में यह पारियां खेली थीं. Music by audionautix.com