Listen

Description

बदलते नियमों के बीच क्रिकेट का खेल गेंदबाजों के लिए काफी मुश्किल होता जा रहा है. इन सबके बीच टी 20 क्रिकेट में गेंदबाजी और ज्यादा मुश्किल है. खासतौर पर पॉवर-प्ले के दौरान जब 30 गज से बाहर सिर्फ दो ही फील्डर रखने होते हैं. ऐसे में रन रोक पाना सबसे मुश्किल काम होता है. इसके बावजूद कुछ गेंदबाज हैं जो अपनी सटीक लाइन एंड लेंथ से बल्लेबाजों को रनों के लिए तरसा देते हैं. आज रेकॉर्ड बुक में बात पांच ऐसे गेंदबाजों की जो आईपीएल पावर प्ले में सबसे कंजूस हैं.

सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार वैसे तो फिलहाल इंजरी के चलते आईपीएल से बाहर हैं. लेकिन आईपीएल में रन खर्च करने के मामले में उनका रेकॉर्ड लाजवाब हैं. उन्होंने अब तक अपने आईपीएल करियर में 116 पारियों में पॉवर-प्ले में गेंदबाजी की है, जहां उनका इकॉनमी रेट 6.05 का रहा है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह किस तरह से बल्लेबाजों को रनों के लिए तरसाकर रखते हैं. इसीलिए वह इस लिस्ट में टॉप पर बने हुए हैं.

कुछ ऐसा ही रेकॉर्ड सुनील नरेन का भी है. कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाले सुनील नरेन आईपीएल में काफी सफल रहे हैं. इसके साथ ही उनका इकॉनमी रेट बहुत ही शानदार रहा है. नरेन ने 95 पारियों में पॉवर-प्ले में गेंदबाजी की है. जिस दौरान उनका इकॉनमी रेट 6.06 का रहा है. यानी पॉवर-प्ले के दौरान वह भी बल्लेबाजों को बांधकर रखते हैं.

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन इस सीजन में आरसीबी के लिए कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं. लेकिन स्टेन का ओवरआल आईपीएल कॅरियर शानदार रहा है. पॉवर-प्ले में उनका इकॉनमी रेट इस बात की गवाही देता है कि उनके सामने बल्लेबाज किस तरह रन के लिए तरसते रहते हैं. स्टेन ने 92 पारियों में पॉवर-प्ले में गेंदबाजी करते हुए 6.19 के इकॉनमी रेट से रन दिए हैं.

श्रीलंका के तेज गेंदबाज व मुंबई इंडियंस के अहम खिलाड़ी रह चुके लसिथ मलिंगा की यॉर्कर बेहद अचूक रहती हैं. मलिंगा पॉवर-प्ले में सबसे किफायती गेंदबाजी करने वाले गेंदबाजों में से एक हैं. उन्होंने 117 पारियों में 6.27 के इकॉनमी रेट से पॉवर-प्ले में गेंदबाजी के दौरान रन दिए हैं. मलिंगा के सामने रन बनाने में अच्छे—अच्छे बल्लेबाजों के पसीने छूट जाते थे.

भारत के स्पिनर आर अश्विन आईपीएल में स्ट्राइक गेंदबाज के तौर पर सबसे ज्यादा सफल रहे हैं. अश्विन ने आईपीएल में पॉवर-प्ले के दौरान 81 पारियों में 6.38 के इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की है. अश्विन न सिर्फ अपनी टीम को ब्रेकथ्रू दिलाने में सफल होते हैं, बल्कि वह रन देने के मामले में भी कंजूस हैं. Music by audionautix.com