टेस्ट क्रिकेट हो, वनडे या फिर T20. सभी खिलाड़ी अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीतने की कोशिश करते हैं. मैन आफ द मैच का अवॉर्ड मैच में उस खिलाड़ी के शानदार प्रदर्शन की तस्दीक करता है. आईपीएल के इतिहास में कई बार बल्लेबाजों और गेंदबाजों का करिश्माई प्रदर्शन देखने को मिला है. आईपीएल जैसी लीग में मैन ऑफ द मैच का खिताब जीत पाना आसान बात नहीं है. कुछ खिलाड़ी आईपीएल में एक बार भी मैन ऑफ द मैच का खिताब नहीं जीत पाए हैं. लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं जिन्होंने आईपीएल में लगातार तीन मैचों में 3 मैन ऑफ द मैच के खिताब अपने नाम किए हैं. आज रेकॉर्ड बुक में जानेंगे उन तीन भारतीय खिलाड़ियों के बारे में जिन्होंने आईपीएल में खेलते हुए लगातार तीन मैन ऑफ द मैच जीतने की उपलब्धि हासिल की है.
कई लोगों को शायद इस सूची में वीरेंदर सहवाग का नाम देखकर हैरानी हुई होगी लेकिन सहवाग आईपीएल में लगातार तीन मैचों में 3 मैन ऑफ द मैच का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी थे सहवाग ने आईपीएल के 2012 सीजन में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेलते हुए कमाल की बल्लेबाजी की थी और उस सीजन उन्होंने लगातार पांच अर्धशतक जड़े थे. सहवाग ने अपनी इन्हीं पांच पारियों में से तीन पारियों की बदौलत मैन ऑफ द मैच का खिताब भी जीता था.
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने आईपीएल में लगातार तीन मैचों में 3 मैन ऑफ द मैच जीतने का कारनामा साल 2016 में किया था. उस सीजन विराट ने अपनी बल्लेबाजी से खूब रन बटोरे थे. विराट ने उस सीजन खेली 16 पारियों में 973 रन बनाए थे और इस दौरान उन्होंने चार शतक जड़े थे. अपने इस करिश्माई प्रदर्शन की बदौलत विराट ने उस सीजन लगातार तीन मैचों में तीन मैन ऑफ द मैच के खिताब अपने नाम किए थे. हालांकि विराट के लाजवाब प्रदर्शन के बावजूद उनकी टीम उस सीजन आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई थी. आईपीएल के इस सीजन में चेन्नई के लिए सकारात्मक चीजों में से एक है उनके ओपनिंग बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़. गायकवाड़ ने अपने शुरुआती तीन मैचों में कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया था और वह तीन मैचों में मात्र 5 रन ही बना सके थे , जिसमें से दो बार शून्य पर आउट हुए थे. इसके बाद उन्हें चेन्नई की टीम ने बतौर ओपनर प्रमोट किया जिसके बाद से गायकवाड़ ने कमाल का प्रदर्शन किया और लगातार तीन मैन ऑफ द मैच के खिताब अपने नाम किए. Music by audionautix.com