Listen

Description

आईपीएल में कप्तानी की काफी अहम भूमिका होती है. जिस तरह से इस टूर्नामेंट में जल्दी-जल्दी हालात बदलते हैं उसे देखते हुए एक कप्तान को हर वक्त चौंकन्ना रहना होता है. उसे हर गेंद के हिसाब से अपनी स्ट्रैटजी बनानी होती है. आईपीएल में सभी टीमों के पास बेहतरीन कप्तान होते हैं और इनके ऊपर अपनी टीम को आगे ले जाने की पूरी जिम्मेदारी होती है. रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसे कप्तान आईपीएल में काफी सफल रहे हैं. रोहित शर्मा ने 4 बार और एम एस धोनी ने 3 बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की है. इसके अलावा भी कई दिग्गज भारतीय खिलाड़ी रहे जो आईपीएल में कप्तान के तौर पर काफी सफल रहे. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर गौतम गंभीर हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स को 2 बार चैंपियन बनाया था. हालांकि कुछ दिग्गज भारतीय खिलाड़ी ऐसे भी रहे जो कप्तान के तौर पर आईपीएल में फ्लॉप रहे. आज के रेकॉर्ड बुक में हम आपको बताएं तीन भारतीय कप्तानों के बारे में जो आईपीएल में सफल नहीं रहे हैं.

इस लिस्ट में सबसे पहले वो नाम है जो बतौर खिलाड़ी कई बड़े रेकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं. यह नाम है विराट कोहली. कोहली न केवल आरसीबी बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के भी कप्तान हैं. ऐसे में उनसे बतौर कप्तान कुछ ज्यादा ही उम्मीदें रहती हैं. विराट कोहली 2013 से ही आरसीबी की कप्तानी कर रहे हैं लेकिन टीम को खिताब नहीं दिला पाए हैं. आठ साल की कप्तानी में विराट की बतौर कप्तान बेस्ट परफॉर्मेंस 2016 के सीजन में रही. तब टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था. इस सीजन में भी आरसीबी की टीम बाहर हो चुकी है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि कोहली कब तक आरसीबी को खिताबी जीत से नवाज पाते हैं.

रविचंद्रन अश्विन ने 2 साल तक आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब की कप्तानी की. 2018 में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 7.6 करोड़ की रकम में खरीदा था. इसके बाद अश्विन को टीम का कप्तान बनाया गया था. उस सीजन में पहले हाफ में तो उनकी कप्तानी शानदार रही और टीम ने भी जबर्दस्त प्रदर्शन किया. लेकिन दूसरे हाफ में उनका प्रदर्शन काफी खराब रहा और वो प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाए. वहीं 2019 के आईपीएल सीजन में भी अश्विन कप्तान के तौर पर फ्लॉप रहे. इस सीजन टीम 14 में से 6 ही मुकाबले जीत पाई और छठे पायदान पर रही. इसके बाद अश्विन को ना केवल कप्तानी से हटा दिया गया बल्कि उन्हें टीम से भी रिलीज कर दिया गया.

दिनेश कार्तिक ने ढाई साल तक तक केकेआर की कप्तानी की. उन्होंने 2018 से लेकर 2020 के आधे सीजन तक कोलकाता नाइट राइडर्स का नेतृत्व किया. 2018 में जब गौतम गंभीर दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम में चले गए तब कार्तिक को केकेआर का कप्तान बनाया गया. केकेआर का प्रदर्शन उनकी कप्तानी में ज्यादा अच्छा नहीं रहा. हालांकि टीम ने 2018 के सीजन में प्लेऑफ तक का सफर जरूर तय किया था. लेकिन 2019 के आईपीएल सीजन में केकेआर की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई और पांचवे स्थान पर रही.
वहीं 2020 के आईपीएल सीजन में भी अच्छी शुरुआत के बाद केकेआर का प्रदर्शन गिरता चला गया. इसकी वजह से ही दिनेश कार्तिक ने खुद ही कप्तानी छोड़ने का फैसला किया. Music by audionautix.com