Listen

Description

नमस्कार स्वागत है आप सभी का आई नेक्स्ट पॉडकास्ट के इस खास शो रेकॉर्ड बुक में और मैं हूं दीपक.

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 13वां सीजन अपनी समाप्ति की ओर है. तमाम रोमांच और टक्कर भरे मुकाबलों के बाद आईपीएल का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है. आइए आज रेकॉर्ड बुक में सुनते हैं आईपीएल इतिहास के पांच बेस्ट एलिमिनेटर मुकाबलों की कहानी...

2013 सीजन के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट पर 132 के स्कोर पर रोक दिया था. स्कोर का पीछा करने उतरी SRH ने 10 ओवर में 57 के स्कोर पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन ब्रैड हॉग ने 29 गेंदों में नाबाद 54 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को चार गेंद शेष रहते जीत दिला दी थी. हॉग की पारी में दो चौके और पांच छक्के शामिल थे.

2011 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स ने 20 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे. लेकिन रयान टेन डोएशे ने 49 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाकर KKR को सात विकेट पर 147 के स्कोर तक पहुंचाया. स्कोर का पीछा करते हुए मुंबई ने 81 के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया. लेकिन 18वें ओवर तक उनका स्कोर छह विकेट पर 133 हो गया था. इसके बाद हरभजन सिंह ने पांच गेंदों में नाबाद 11 रन बनाकर मुंबई को जिताया था.

2017 में SRH पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR के खिलाफ सात विकेट पर 128 का ही स्कोर बना सकी थी.
नाथन कूल्टर-नाइल (20/3) और उमेश यादव (21/2) ने SRH को आखिरी आठ ओवर में केवल 53 रन ही बनाने दिए थे. बारिश के कारण KKR को छह ओवर में 48 रन बनाने थे. लेकिन उन्होंने 1.1 ओवर में 12 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे. हालांकि, गौतम गंभीर (19 गेंद, नाबाद 32 रन) ने KKR को जिताया था.

2018 में पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR आठ ओवर में चार विकेट पर 51 का स्कोर बना सकी थी. दिनेश कार्तिक (52) और आंद्रे रसेल (49*) ने अपनी टीम को सात विकेट पर 169 के स्कोर तक पहुंचाया था. स्कोर का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 17वें ओवर तक तीन विकेट पर 126 का स्कोर बना लिया था. हालांकि, KKR ने RR को आखिरी तीन ओवर्स में 18 रन ही बनाने दिए और छह विकेट रहते हुए भी RR 25 रन से हार गई थी.

पिछले सीजन के एलिमिनेटर में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 163 रनों का लक्ष्य दिया था. स्कोर का पीछा करते हुए DC ने 66 के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया, लेकिन 15वें ओवर तक उनका स्कोर पांच विकेट पर 111 हो गया था. हालांकि, रिषभ पंत ने 21 गेंदों में ही 49 रनों की पारी खेली और DC ने एक गेंद शेष रहते दो विकेट से मैच जीत लिया था.

इसके साथ ही रेकॉर्ड बुक का पहला सीजन समाप्त होता है. जल्द मिलेंगे एक नए शो में ​कुछ नई कहानियों के साथ. तब तक के लिए मुझे दीजिए इजाजत और आप सुनते रहिए आई नेक्स्ट पॉडकास्ट. Music by audionautox.com