चतुर तोता - मौलाना जलालुद्दीन रुमी
एक व्यापारी ने एक हिंदुस्तानी तोता पाल रखा था। वह उसे पिंजड़े में सदैव बंद रखता था। एक बार व्यापार के सिलसिले में वह हिंदुस्तान जाने को हुआ। उसने तोते से पूछा, “अपनी बिरादरी के भाई-बंदों के लिए अगर कोई संदेश भिजवाना हो, तो मुझे बता दो। मैं तुम्हारा संदेश उन तक पहुंचा दूंगा।"
तोते ने कहा कि मेहरबानी करके उन्हें सिर्फ इतना बता दीजिएगा कि मुझे यहां रात-दिन पिंजड़े में बंद रहना पड़ता है।
व्यापारी ने वादा किया कि यह खबर वह उसके संगी-साथियों तक जरूर पहुंचा देगा।
हिंदुस्तान पहुंचने पर तोतों का जो पहला झुंड उसे मिला, उसी को उसने अपने तोते का संदेश सुना दिया। संदेश सुनते ही उनमें से एक तोता ज़मीन पर गिर गया।
यह देख व्यापारी बड़ा दुःखी हुआ। कैसा मनहूस संदेश उसके तोते ने भिजवाया था जिसे सुनते ही उसका एक बिरादर चल बसा!
घर वापस लौट कर उसने अपने तोते की कड़ी लानत-मलामत की और उसे बताया कि किस तरह उसका संदेश सुनकर एक भोला पंछी गिर कर मर गया। व्यापारी से यह दुःखद वृत्तांत सुन कर उसका तोता भी पिंजरे के पेंदे पर जा पड़ा। ऐसा लगा कि उसकी भी मृत्यु हो गई।
व्यथित-हृदय व्यापारी ने दुःखी मन से पिंजड़े का दरवाजा खोला, मरे हुए तोते को बाहर निकाला और उसे घूरे पर डाल दिया।
व्यापारी यह देखकर हैरत में आ गया कि उसके हाथ से छूटते ही मरा हुआ तोता जी उठा और फुर्र से उड़ कर एक पेड़ की ऊंची शाख पर जा बैठा।
चतुर तोते ने व्यापारी को बताया कि वस्तुतः न तो वह मरा था और न ही उसका हिंदुस्तानी बिरादर। उसके साथी ने उसे पिंजरे से मुक्ति पाने की युक्ति सुझाई थी ।