Listen

Description

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को किसी भी ग्राहक खाते में जमा या टॉप-अप स्वीकार करने से रोकने की आरबीआई की हालिया कार्रवाई के बाद, पेटीएम के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ की और कई दस्तावेज जमा किए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत फिनटेक कंपनी में आरबीआई द्वारा चिह्नित कथित अनियमितताओं की औपचारिक जांच शुरू करने का निर्णय लेने से पहले दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच कर रही है। सूत्रों ने बताया कि पेटीएम के अधिकारियों ने हाल ही में कुछ दस्तावेज जमा किए थे जिसके बाद उनसे कुछ सवाल पूछे गए। कुछ और जानकारी भी मांगी गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल कोई अनियमितता नहीं पाई गई है। फेमा के तहत कोई उल्लंघन पाए जाने पर ही इस कानून के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।