अमेरिका से भारत में सेब का निर्यात पिछले साल की तुलना में 16 गुना बढ़ा है। भारत के अमेरिकी उत्पादों पर 2019 में लगाए गए 20 प्रतिशत प्रतिशोधात्मक शुल्क को हटाने का फैसला करने के बाद यह निर्यात बढ़ा है। वाशिंगटन राज्य के सेब उत्पादकों ने इस वर्ष करीब 10 लाख पेटी सेब भारत भेजे, जो पिछले वर्ष की तुलना में 16 गुना अधिक है। सिएटल बंदरगाह पर मंगलवार को इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया। सांसद मारिया केंटवेल ने सिएटल में पत्रकारों से कहा, ‘‘ यह अमेरिका और भारत के बीच व्यापार संबंधों में एक नया मुकाम है।’’ इस खास अवसर का सिएटल में भारत वाणिज्य दूतावास के महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता, मध्य वाशिंगटन के सेब उत्पादक और श्रम व बंदरगाह अधिकारी भी साक्षी बने। सेब पर आयात शुल्क में 20 प्रतिशत की वृद्धि के कारण वाशिंगटन राज्य से भारत तक सेब निर्यात बाजार में गिरावट आई थी।