रिलायंस इंडस्ट्रीज ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर अपने कार्यालयों में छुट्टी की. रिलायंस इंडस्ट्रीज के आसपास स्थित मंदिरों में विशेष पूजा, जियो संबद्ध संपत्तियों पर समारोह का सीधा प्रसारण और अपनी खुदरा दुकानों में सभी आगंतुकों को दीये बांटने की व्यवस्था की है। अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सामरोह आज सोमवार को आयोजित हो रहा है। मुकेश अंबानी परिवार के सदस्य इस कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने अयोध्या पहुंच रहे हैं. रिलायंस भारत के पहले निजी संगठनों में से एक था जिसने चार लाख से अधिक कर्मचारियों को इस अवसर का जश्न मनाने के लिए छुट्टी की घोषणा की थी। सूत्रों ने बताया कि देश भर में रिलायंस परिसर के विभिन्न मंदिर सोमवार को विशेष पूजा के साथ इस अवसर का जश्न मनाएंगे। इनमें मुंबई, जामनगर, दाहेज, नागोथाने, हजीरा, सिलवासा, हलोल, होशियारपुर, नागपुर, शहडोल, काकीनाडा और कई अन्य स्थानों पर स्थित रिलायंस सुविधाओं के मंदिर शामिल हैं। इसके अलावा रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल ने राम भक्तों तथा तीर्थयात्रियों के लिए कई विशेष सेवाएं शुरू की हैं। सूत्रों ने बताया कि समूह की दूरसंचार शाखा जियो ने अयोध्या में अपने ट्रू4जी और स्टैंडअलोन 5जी नेटवर्क को ‘अपग्रेड’ किया है।