संकट में फंसे पेटीएम पेमेंट्स बैंक (PPBL) के एमडी और सीईओ सुरिंदर चावला ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. यह जानकारी मंगलवार को एक रेगुलेटरी फाइलिंग में दी गई. चावला ने ऐसे वक्त में इस्तीफा दिया है, जब पेटीएम पेमेंट्स बैंक रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की तरफ से निषेधात्मक कार्रवाई का सामना कर रहा है. पेटीएम ब्रांड की मालिक कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस की तरफ से दायर फाइलिंग में कहा गया है कि "पीपीबीएल के प्रबंध निदेशक और सीईओ सुरिंदर चावला ने व्यक्तिगत कारणों से और बेहतर करियर की संभावनाएं तलाशने के लिए 8 अप्रैल, 2024 को अपना इस्तीफा दे दिया है. उन्हें 26 जून, 2024 को कामकाजी समय की समाप्ति के बाद पीपीबीएल से मुक्त कर दिया जाएगा." फाइलिंग के मुताबिक चावला के अंतिम कामकाजी दिन में आपसी सहमति से बदलाव हो सकता है.'' सुरिंदर चावला ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक को आरबीआई भारतीय रिजर्व बैंक से मंजूरी मिलने के बाद पिछले साल जनवरी में ही पीपीबीएल में शामिल हुए थे. आरबीआई ने साल 31 जनवरी 2024 को की गई बड़ी कार्रवाई में पेटीएम पेमेंट्स बैंक को 29 फरवरी के बाद किसी भी ग्राहक खाते, वॉलेट, फास्टैग और अन्य उपकरणों में जमा या टॉप-अप स्वीकार नहीं करने का निर्देश दिया.